लालकुआं से कोलकाता के बीच चलेगी साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन

लालकुआं से कोलकाता के बीच चलेगी साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन

8 अक्टूबर से 28 नवंबर तक आठ फेरों का होगा संचालन, गोरखपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

आगामी त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी सुविधा देने का निर्णय लिया है। रेल प्रशासन द्वारा लालकुआं-कोलकाता-लालकुआं वाया गोरखपुर साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन कुल आठ फेरों में चलेगी।

05060 लालकुआं-कोलकाता साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 8 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:55 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 05059 कोलकाता-लालकुआं साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को कोलकाता से सुबह 5:00 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी।

गोरखपुर समेत इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

लालकुआं से कोलकाता जाने वाली ट्रेन किच्छा, भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड, थावे, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैण्डेल और नैहाटी होते हुए कोलकाता जाएगी।

वापसी में भी ट्रेन इसी मार्ग से संचालित होगी, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

18 कोच की होगी विशेष ट्रेन

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, एक एलएसएलआरडी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, छह शयनयान, चार वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा एक वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल होगा।

रेल प्रशासन के अनुसार त्योहार विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी और नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। इससे लालकुआं, गोरखपुर, बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच रेल संपर्क और अधिक सुविधाजनक होगा।