रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने नई दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों से किया संवाद, 20 स्वच्छताग्राही सम्मानित

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने नई दिल्ली स्टेशन पर यात्रियों से किया संवाद, 20 स्वच्छताग्राही सम्मानित

रेल जन संवाद में यात्रियों से लिया फीडबैक

नई दिल्ली। विशेष अभियान 6.0 के तहत उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को ?रेल जन संवाद? कार्यक्रम आयोजित किया गया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने यात्रियों और आम नागरिकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं जानीं। इस दौरान स्टेशन की स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान सतीश कुमार ने यात्रियों को भारतीय रेल की ओर से स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, यात्री सुविधाओं में सुधार करने और सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अधिकारियों ने यात्रियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की भागीदारी बढ़ाना और उनकी जरूरतों के अनुसार रेलवे सेवाओं में निरंतर सुधार करना है।

इस अवसर पर रेलवे बोर्ड अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले 20 स्वच्छताग्राहियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया।

दिल्ली मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, फरीदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद, शकूरबस्ती, मेरठ सिटी, दिल्ली शाहदरा, कुरुक्षेत्र, रोहतक, करनाल, पानीपत, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ कैंट, जींद जंक्शन, जाखल, सोनीपत और नरवाना रेलवे स्टेशन शामिल रहे।

इन स्टेशनों पर रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से संवाद कर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त कीं। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक सुधार करना और स्टेशनों को स्वच्छ, सुरक्षित तथा यात्री-अनुकूल बनाना है। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने में जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।