रेलवे ट्रैक पार करने वालों पर प्रयागराज मंडल की सख्ती, 1208 लोग गिरफ्तार

प्रयागराज। रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने और पटरियां पार करने वालों के खिलाफ प्रयागराज मंडल में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 1 जनवरी से 15 नवंबर 2026 तक कुल 1208 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान मार्च में सबसे अधिक 259 लोगों की गिरफ्तारी हुई, जबकि मई में 226 और अप्रैल में 164 लोगों को पकड़ा गया। रेलवे सुरक्षा बल पोस्टवार आंकड़ों में प्रयागराज जंक्शन से 141, चुनार और कानपुर सेंट्रल से 120-120 तथा नैनी से 105 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

रेल प्रशासन ने आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पार करना कानूनन अपराध होने के साथ ही जानलेवा भी है। तेज गति से आने वाली ट्रेन का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है और थोड़ी-सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज, सबवे और निर्धारित सुरक्षित रास्तों का ही इस्तेमाल करें। सुरक्षित रेल यात्रा और सुचारू परिचालन के लिए आमजन से रेलवे नियमों का पालन करने की अपील की गई है।