रेलवे के तकनीकी कार्य से 19 नवंबर से 28 दिसंबर तक रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें आंशिक रद्द और रीशड्यूल

अजमेर। अजमेर मंडल के राणाप्रतापनगर-घोसुंडा और बेरछा-उदयपुर सिटी रेलखंड के बीच तकनीकी कार्य किया जा रहा है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की कई रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जबकि कुछ को निर्धारित मार्ग पर नियंत्रित और देरी से संचालित किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 20993 जयपुर-उदयपुर सिटी रेलसेवा 19 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 तक जयपुर से रवाना होकर राणाप्रतापनगर तक ही संचालित होगी। ऐसे में राणाप्रतापनगर से उदयपुर सिटी के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 59835 मंदसौर-राणाप्रतापनगर रेलसेवा 19 से 28 दिसंबर तक मंदसौर से चलकर मावली तक ही जाएगी। मावली से राणाप्रतापनगर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा। इसी तरह गाड़ी संख्या 59836 राणाप्रतापनगर-मंदसौर रेलसेवा भी 19 से 28 दिसंबर तक राणाप्रतापनगर के बजाय मावली से संचालित होगी।

15 मिनट नियंत्रित रहेगी जयपुर-उदयपुर ट्रेन

गाड़ी संख्या 20993 जयपुर-उदयपुर सिटी रेलसेवा 19 से 28 नवंबर तक घोसुंडा-भूपालसागर करेरा रेलखंड के बीच 15 मिनट नियंत्रित रहेगी। 29 नवंबर से 8 दिसंबर तक घोसुंडा-पांडोली रेलखंड और 9 से 18 दिसंबर तक घोसुंडा-फतेहनगर रेलखंड के बीच 15 मिनट नियंत्रित की जाएगी।

40 मिनट देरी से चलेगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 69244 चित्तौड़गढ़-असारवा रेलसेवा 19 नवंबर से 28 दिसंबर 2026 तक चित्तौड़गढ़ स्टेशन से अपने निर्धारित समय से 40 मिनट देरी से रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।