रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर मिलेगी 3 प्रतिशत छूट

रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुकिंग पर मिलेगी 3 प्रतिशत छूट

फिरोजपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान, यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की पहल

फिरोजपुर। रेलवे यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के लिए फिरोजपुर मंडल की ओर से रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को ऐप की सुविधाओं और इसके इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। रेलवन ऐप के जरिए यात्री अपने स्मार्टफोन से ही आरक्षित और अनारक्षित टिकट बुक करने के साथ डिजिटल भुगतान सहित रेलवे की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

खास बात यह है कि रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट भी मिल रही है। इससे यात्रियों को टिकट खिड़की पर लगने वाली कतारों से बचने के साथ ही टिकट बुकिंग में आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि अमृतसर, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, लुधियाना और फिरोजपुर कैंट सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष अभियान चलाकर यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने और उसका इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और रेलवन ऐप का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को आसान, सुविधाजनक और डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है।