राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर आरपीएफ ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बैंड प्रदर्शन और परेड से जगाया देशभक्ति का जज्बा

राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर आरपीएफ ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, बैंड प्रदर्शन और परेड से जगाया देशभक्ति का जज्बा

शहीद रेल सुरक्षा कर्मियों के बलिदान को किया नमन

नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीदों के सम्मान में भव्य बैंड प्रदर्शन, परेड और रिट्रीट समारोह आयोजित किया गया। गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। यह आयोजन पुलिस स्मृति दिवस की परंपरा और शहीदों की विरासत को समर्पित रहा।

समारोह में आरपीएफ की महानिदेशक सोनाली मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय ग्रेनाइट स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को याद किया गया।

8 शहीद रेल सुरक्षा कर्मियों को किया याद

समारोह में विभिन्न रेलवे जोनों के 8 शहीद रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों को विशेष रूप से श्रद्धांजलि दी गई। इनमें पूर्व रेलवे के निरीक्षक ओम प्रकाश मीणा, पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान आरक्षक सिपराज बासुकी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान आरक्षक प्रेम किशोर मिश्रा, पूर्व रेलवे के प्रधान आरक्षक अरुण कुमार सिंह, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के आरक्षक राम आसरे सरोज, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आरक्षक अशोक कुमार लील, पूर्व रेलवे के आरक्षक धर्मेंद्र कुमार और पश्चिम मध्य रेलवे के आरक्षक लोकेश कुमार शामिल रहे।

इन सभी जवानों के कर्तव्य निर्वहन के दौरान दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया गया।

43 सदस्यीय ब्रास बैंड और 17 सदस्यीय पाइप बैंड ने दी प्रस्तुति

समारोह का प्रमुख आकर्षण आरपीएफ के 43 सदस्यीय ब्रास बैंड और 17 सदस्यीय पाइप बैंड की देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियां रहीं। बैंड ने अपनी शानदार धुनों से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल किया। इस अवसर पर ?वंदे मातरम्? की भावपूर्ण प्रस्तुति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।

इसके साथ ही आरपीएफ की विशेष टुकड़ियों ने अनुशासित रिट्रीट ड्रिल का प्रदर्शन किया। पारंपरिक ध्वज अवरोहण समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें जवानों के अनुशासन, समन्वय और कर्तव्यनिष्ठा की झलक देखने को मिली।

आरपीएफ के योगदान पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन

कार्यक्रम के समापन पर रेलवे सुरक्षा बल के विकास, साहस और राष्ट्रीय सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर आधारित वृत्तचित्र दिखाया गया। इसमें देश की रेल व्यवस्था की सुरक्षा, यात्रियों की सहायता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने में आरपीएफ की भूमिका को रेखांकित किया गया।

समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों, आरपीएफ कर्मियों और शहीदों के परिजनों ने गरिमापूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम ने राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। रेलवे सुरक्षा बल ने इस आयोजन के माध्यम से शहीदों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सदैव स्मरण रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।