राज्य पुरस्कार रैली में एनएफआर के स्काउट्स-गाइड्स सम्मानित

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की ओर से 3 से 5 अक्टूबर तक रंग भवन और स्ट्रेट ट्रेनिंग सेंटर, मालीगांव में राज्य पुरस्कार रैली का आयोजन किया गया। रैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सामुदायिक सेवा के लिए स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के मुख्य संरक्षक चेतन कुमार श्रीवास्तव तथा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष शालिनी श्रीवास्तव मौजूद रहीं।

वर्ष 2022-23 के लिए 5, वर्ष 2023-24 के लिए 135 और वर्ष 2024-25 के लिए 181 सदस्यों का राज्य पुरस्कार के लिए चयन किया गया था। 5 अक्टूबर को आयोजित पुरस्कार समारोह में कुल 293 सदस्यों ने हिस्सा लिया। पुरस्कार पाने वाले सदस्यों को आवश्यक दक्षता बैज हासिल करने के साथ पांच दिवसीय परीक्षण शिविर सफलतापूर्वक पूरा करना होता है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने राष्ट्रीय स्तर पर भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस वर्ष 24 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राष्ट्रपति पुरस्कार तथा 94 कब्स और बुलबुल्स को गोल्डन एरो पुरस्कार मिला।

अंबुबाची मेले के दौरान 225 सदस्यों ने कामाख्या धाम में चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सहायता की। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने, सफाई अभियान, पर्यावरण जागरूकता, कौशल विकास, सड़क सुरक्षा, पेयजल वितरण और रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन जैसे कार्यों में भी स्काउट्स-गाइड्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रैली के माध्यम से रेलवे ने युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और समाजसेवा की भावना को बढ़ावा देने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने और रेलवे व समाज के लिए योगदान देने के लिए प्रेरित किया।