राजभाषा पखवाड़े में अजमेर मंडल में विविध कार्यक्रम, हिंदी के प्रति बढ़ाया उत्साह

राजभाषा पखवाड़े में अजमेर मंडल में विविध कार्यक्रम, हिंदी के प्रति बढ़ाया उत्साह

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता से लेकर मानसिक स्वास्थ्य पर हिंदी कार्यशाला तक आयोजित, 160 अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में 14 से 30 सितंबर तक मनाए जा रहे राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक अजमेर राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की जून 2026 को समाप्त तिमाही की बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती के उपलक्ष्य में उनके चित्र पर भी माल्यार्पण किया गया। बैठक में मंडल के शाखाधिकारियों, स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समितियों के प्रमुख एवं प्रतिनिधियों सहित करीब 45 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

बैठक के बाद मंडल के अधिकारियों के लिए राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं अजमेर रेलवे स्टेशन पर भी हिंदी राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन अजमेर स्टेशन अधीक्षक राजीव सैन ने किया।

इसी क्रम में 24 सितंबर को कर्मचारियों के लिए ?मानसिक अवसाद-कारण एवं निवारण? विषय पर हिंदी कार्यशाला आयोजित की गई। मंडल चिकित्सालय अजमेर के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. इमरान खान ने कर्मचारियों को विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यशाला में करीब 160 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

राजभाषा पखवाड़े के माध्यम से अजमेर मंडल में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों की भागीदारी और जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों में कर्मचारियों का उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिल रही है।