यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा, जयपुर मंडल के पांच स्टेशनों पर प्लेटफॉर्मों की बढ़ाई गई ऊंचाई

जयपुर। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में जयपुर मंडल के साखुन, नुआं, जीलो, अमरापुर जोरासी और अरनिया स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म उन्नयन का महत्वपूर्ण कार्य पूरा किया गया है।

रेलवे की ओर से स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म बनाने के साथ मौजूदा प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ाने और उनके विस्तार का कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन में सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से चढ़ने-उतरने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

इसी कड़ी में साखुन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक को रेल स्तर से उच्च स्तर का बनाया गया है। वहीं नुआं स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो को मध्यम स्तर से उच्च स्तर में परिवर्तित करने के साथ उसका 175 मीटर विस्तार भी किया गया है।

इसके अलावा जीलो, अमरापुर जोरासी और अरनिया स्टेशनों के प्लेटफॉर्म संख्या एक को मध्यम स्तर से उच्च स्तर में परिवर्तित करने का कार्य पूरा किया गया है।

सुरक्षित चढ़ने-उतरने में होगी आसानी

प्लेटफॉर्मों की ऊंचाई बढ़ने से यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने में पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित होगी। साथ ही प्लेटफॉर्म की उपयोगिता और यात्री आवागमन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन की दिशा में किए जा रहे ये कार्य यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं को मजबूत करने के साथ सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षित और बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।