यात्रियों के लिए राहत: सूबेदारगंज-इंदौर स्पेशल का फफूंद स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव

कानपुर। रेल यात्रियों की सुविधा और लंबे समय से की जा रही जनमांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने सूबेदारगंज-इंदौर-सूबेदारगंज द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को फफूंद स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर अतिरिक्त ठहराव देने का निर्णय लिया है। ट्रेन के अतिरिक्त ठहराव से फफूंद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

गाड़ी संख्या 04169 सूबेदारगंज-इंदौर स्पेशल का फफूंद स्टेशन पर ठहराव 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक रहेगा। यह ट्रेन फफूंद स्टेशन पर सुबह 9:25 बजे पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 9:27 बजे रवाना होगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04170 इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल को भी फफूंद स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है। यह सुविधा 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। ट्रेन फफूंद स्टेशन पर दोपहर 3:40 बजे पहुंचेगी और 3:42 बजे रवाना होगी।

झींझक स्टेशन पर भी बदला ट्रेन का समय

इसके साथ ही रेलवे ने गाड़ी संख्या 04170 इंदौर-सूबेदारगंज स्पेशल के झींझक स्टेशन पर ठहराव का समय भी संशोधित किया है। 3 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 के बीच यह ट्रेन झींझक स्टेशन पर अब अपने पुराने समय दोपहर 3:55 से 3:57 बजे के स्थान पर शाम 4:03 बजे पहुंचेगी और 4:05 बजे रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित समय सारणी का ध्यान रखें। ट्रेन के ठहराव और समय से जुड़ी विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली और रेल हेल्पलाइन 139 के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।