मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 120 कर्मचारियों को दिया अग्निशमन प्रशिक्षण, आग से बचाव के बताए तरीके

मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन पर आग जैसी आपात स्थिति से निपटने और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग की ओर से रेलवे कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान करीब 120 रेलवे कर्मचारियों को आग से बचाव और अग्निकांड के समय तत्काल कार्रवाई के तरीके बताए गए।

अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने आयोजित प्रशिक्षण में कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों, आग की अलग-अलग श्रेणियों और आग बुझाने वाले उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सूचना देने के साथ उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल किया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशामक यंत्र चलाने की प्रक्रिया, आग पर काबू पाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीकों की भी जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने रेलवे कर्मचारियों को समझाया कि स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर आग की छोटी घटना भी तेजी से बड़ा रूप ले सकती है। ऐसे में कर्मचारियों की सजगता और समय पर की गई कार्रवाई से जान-माल के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।

प्रशिक्षण का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने के लिए तैयार करना रहा।