मुरादाबाद में पटाखा दुकानों और गोदामों की जांच, अग्नि सुरक्षा के दिए निर्देश

मुरादाबाद। त्योहारों के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग ने पटाखों के भंडारण, निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों पर अभियान चलाया। शुक्रवार 9 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान के तहत दो स्थानों पर अग्नि सुरक्षा का निरीक्षण कर सात लोगों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश के अनुपालन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी के प्रभारियों के माध्यम से पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में आग से बचाव, आपातकालीन निकासी और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई।

विभाग की टीम ने चौधरी क्रैकर्स गंज, थाना ठाकुरद्वारा और पंडित नगला रोड स्थित देहरी मुस्तकम, थाना कटघर में सूरज मेहरोत्रा के कार्यस्थल का निरीक्षण किया। यहां मौजूद संचालकों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य आग लगने की घटनाओं की आशंका को कम करना और आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।