मुरादाबाद में पटाखा गोदामों और दुकानों का फायर ऑडिट, 13 लोगों को दिया अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण

मुरादाबाद। जनपद में दीपावली के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग ने अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में स्कीम नंबर-11 के तहत पटाखों के भंडारण, निर्माण और थोक व फुटकर बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों और डीएम अनुनय झा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश के अनुपालन में अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी की टीमों ने अभियान चलाया। इसके तहत अगवानपुर बाईपास स्थित शाहनवाज के प्रतिष्ठान और कटघर थाना क्षेत्र के मढ़ैया मुस्तकम स्थित कृष्ण आतिशबाजी वाले अजय कुमार अरोड़ा के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान दोनों स्थानों पर मौजूद कर्मचारियों सहित कुल 13 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें आग से बचाव के जरूरी उपायों, आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार अग्निशमन व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पटाखों से जुड़े प्रतिष्ठानों में आग लगने की घटनाओं की आशंका को कम करना और आपात स्थिति से निपटने के लिए लोगों को तैयार करना है।