मुरादाबाद में पटाखा गोदाम का फायर ऑडिट, 5 लोगों को किया जागरूक

मुरादाबाद। दीपावली के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अग्निशमन विभाग ने रविवार को पटाखा भंडारण और बिक्री स्थलों पर जांच अभियान चलाया। स्कीम नंबर-11 के तहत ग्राम मछरिया स्थित सिंह फायरवर्क्स का फायर ऑडिट किया गया। इस दौरान 5 लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

अपर पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

टीम ने प्रतिष्ठान संचालक और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई, सुरक्षित निकासी और आग बुझाने के प्राथमिक उपायों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित हादसों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करना है।