अब रेलवे आरक्षण काउंटर से टिकट बुक कराने पर भी मिलेगी यात्रा बीमा की सुविधा

बिलासपुर। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और यात्रा के दौरान वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरक्षण काउंटर से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को भी यात्रा बीमा की सुविधा देने की पहल की है। यह सुविधा 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी।

इस सुविधा के तहत आरक्षण काउंटर से आरक्षित टिकट बुक कराने वाले यात्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यात्रा बीमा का विकल्प चुन सकेंगे। इसके लिए टिकट बुकिंग के समय डिजिटल माध्यम से भुगतान करना और वैध मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

यात्रा बीमा के तहत रेल दुर्घटना या पॉलिसी में निर्धारित आकस्मिक घटनाओं के कारण मृत्यु, स्थायी पूर्ण दिव्यांगता और स्थायी आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में बीमा सुरक्षा मिलेगी। इसके अलावा दुर्घटना के कारण अस्पताल में भर्ती होने पर चिकित्सा खर्च और पार्थिव शरीर के परिवहन के लिए भी बीमा का प्रावधान किया गया है।

बीमा राशि और दावों का निपटारा संबंधित बीमा कंपनी की पॉलिसी में निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार किया जाएगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के आरक्षण काउंटरों से टिकट बुक कराने वाले यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।