बुलेट ट्रेन परियोजना ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, सूरत-बिलीमोरा खंड में ओवरहेड बिजली प्रणाली सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत

बुलेट ट्रेन परियोजना ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, सूरत-बिलीमोरा खंड में ओवरहेड बिजली प्रणाली सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत

20 नवंबर को पूरा हुआ विद्युतीकरण का महत्वपूर्ण चरण, अब हाईस्पीड ट्रेन के परीक्षण की दिशा में बढ़ेगा काम

देश की पहली मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। परियोजना के सूरत-बिलीमोरा खंड में 20 नवंबर 2026 को ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई) प्रणाली को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया। इस उपलब्धि के साथ ही हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर आगे की तकनीकी जांच और परीक्षण गतिविधियों का रास्ता और मजबूत हुआ है।

रेल परियोजना से जुड़ी तकनीकी टीमें निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं के तहत चरणबद्ध तरीके से छोटे-छोटे हिस्सों में विद्युतीकरण का कार्य आगे बढ़ाएंगी। इस दौरान प्रत्येक चरण में सुरक्षा और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सूरत-बिलीमोरा खंड में एलिवेटेड ट्रैक पर अप और डाउन दोनों लाइनें शामिल हैं।

2*25 केवी आधुनिक विद्युत प्रणाली से लैस होगा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में अत्याधुनिक 2�25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन प्रणाली लगाई जा रही है। यह दुनिया की आधुनिक हाईस्पीड रेल प्रणालियों में इस्तेमाल होने वाली उन्नत विद्युतीकरण तकनीकों में शामिल है। 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से राष्ट्रीय विद्युत ग्रिड से बिजली प्राप्त कर ओवरहेड विद्युत प्रणाली को आपूर्ति की जाएगी।

गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलीमोरा के पहले ट्रैक्शन सबस्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर भवनों में स्थापना संबंधी कार्य पूरा कर लिया गया है। गुजरात के ट्रैक्शन सबस्टेशनों को गुजरात ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड (जीईटीसीओ) के 220 केवी अंबेथा ग्रिड सबस्टेशन से बिजली मिलेगी।

पूरे विद्युत नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत नियंत्रण केंद्र के माध्यम से की जाएगी, जिससे संचालन को सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।

50 किलोमीटर का एलिवेटेड खंड, 4 नदियों पर बने पुल

सूरत से बिलीमोरा के बीच लगभग 50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड का निर्माण किया गया है। इस मार्ग में 4 नदियों पर पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के ऊपर एक विशेष स्टील पुल भी शामिल है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में ध्वनि के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से वायाडक्ट पर लगभग 94 हजार ध्वनि अवरोधक लगाए गए हैं।

बिजली प्रणाली ऊर्जीकृत होने के बाद आम लोगों के लिए विशेष चेतावनी

ओवरहेड विद्युत प्रणाली में बिजली चालू होने के बाद परियोजना प्रबंधन ने आसपास रहने वाले लोगों, राहगीरों, निर्माण श्रमिकों और आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को विद्युत उपकरणों के पास नहीं जाने, उन्हें छूने और रेल कॉरिडोर के आसपास किसी भी प्रकार का अनधिकृत कार्य नहीं करने की सलाह दी गई है।

बुलेट ट्रेन परियोजना में सूरत-बिलीमोरा खंड का ऊर्जीकृत होना देश में आधुनिक हाईस्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण तकनीकी कदम है। इससे परियोजना की आगामी परीक्षण गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।