बिजनौर में पटाखा निर्माण और भंडारण स्थलों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान

बिजनौर में पटाखा निर्माण और भंडारण स्थलों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान

17 स्थानों की जांच, 56 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

बिजनौर। आगामी त्योहारों को देखते हुए जनपद में पटाखा निर्माण, बिक्री और भंडारण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रविवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में अधिकारियों और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान धामपुर, नजीबाबाद, बिजनौर और चांदपुर तहसील क्षेत्रों में कुल 17 पटाखा निर्माण, बिक्री एवं भंडारण स्थलों की जांच की गई। अधिकारियों ने लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा उपकरणों, परिसर की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान एक आतिशबाजी स्थल बंद पाया गया।

जांच के दौरान पटाखा कारोबार से जुड़े संचालकों और कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी अग्निशमन उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में रखे जाएं और उनका समय-समय पर रखरखाव कराया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आग पर काबू पाया जा सके।

अभियान के दौरान 56 लोगों को अग्निकांड की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के संबंध में प्रशिक्षण एवं जागरूकता दी गई। कर्मचारियों को आग से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी देते हुए सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। विभाग की ओर से आगे भी ऐसे स्थानों पर जांच और जागरूकता अभियान जारी रखा जाएगा।