बसडिला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला का आयोजन, 457 पशुओं का हुआ उपचार

देवरिया।पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला/शिविर का आयोजन शुक्रवार को ग्राम बसडिला, विकास खण्ड सदर, देवरिया में किया गया।मेला सह शिविर का शुभारम्भ एवं गोपूजन मुख्य अतिथि ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि रामकेश्वर यादव एवं विशिष्ट अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री कपिल गोंड द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने उपस्थित पशुपालकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की तथा मेले में प्राप्त जानकारी को पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने में सहायक बताया।
मेले में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, देवरिया डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने पशुपालकों को सम्बोधित करते हुए बीमारियों से बचाव हेतु समय से टीकाकरण पर जोर दिया। उन्होंने पशुपालकों को जागरूक करते हुए उच्च नस्ल के पशु प्राप्त करने हेतु बछिया पैदा करने वाले सेक्सड सीमन के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया।उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुमार सिंह ने पशुपालकों को पशुपोषण में हरे चारे, सूखे चारे, दाने एवं खनिज लवण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इस अवसर पर शिविर में आए पशुओं की चिकित्सा डॉ. विनोद कुमार सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी श्री पीयूष प्रकाश श्रीवास्तव एवं श्री शिवरामपति त्रिपाठी द्वारा की गई तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।शिविर में कुल 282 बड़े पशुओं एवं 175 छोटे पशुओं सहित कुल 457 पशुओं का उपचार, जाँच एवं 2 पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया गया।