बखरी में लगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला, 202 पशुओं का हुआ उपचार

बनकटा, देवरिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला/शिविर का आयोजन शुक्रवार को ग्राम बखरी, न्याय पंचायत छितौनी, विकास खण्ड बनकटा में किया गया।मेला सह शिविर का शुभारम्भ एवं गोपूजन मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान श्री घनश्याम सिंह एवं हृदयालाल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा तथा विशिष्ट अतिथि श्री गुड्डू गोस्वामी, भाजपा मण्डल महामंत्री बनकटा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने उपस्थित पशुपालकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की तथा मेले में प्राप्त जानकारी को पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने में सहायक बताया।
मेले में पशु चिकित्साधिकारी बनकटा-भटनी डॉ. सुनील कुमार ने पशुपालकों को बीमारियों से बचाव हेतु समय से टीकाकरण पर जोर दिया। उन्होंने पशुपालकों को जागरूक करते हुए उच्च नस्ल के पशु प्राप्त करने हेतु बछिया पैदा करने वाले सेक्सड सीमन के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा स्वास्थ्य) देवरिया डॉ. ओम प्रकाश प्रजापति ने पशुपालकों को पशुपोषण में हरे चारे, सूखे चारे, दाने एवं खनिज लवण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।शिविर में कुल 82 बड़े पशु, 53 छोटे पशु एवं 67 बकरियों का उपचार/सामूहिक दवापान, 2 पशुओं की शल्य चिकित्सा, 2 पशुओं की गर्भ जाँच एवं 2 पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया गया।इस अवसर पर शिविर में आए पशुओं की चिकित्सा दवाओं का वितरण नि:शुल्क किया गया।