फिरोजपुर मंडल ने रचा इतिहास, पहली बार पर्यावरण अनुकूल कागज की मशीनीकृत लोडिंग शुरू

फिरोजपुर मंडल ने रचा इतिहास, पहली बार पर्यावरण अनुकूल कागज की मशीनीकृत लोडिंग शुरू

फोर्कलिफ्ट मशीन से ट्रकों से रेलवे वैगन में लोड किया गया कागज, समय और श्रम की होगी बचत

फिरोजपुर। भारतीय रेल में माल परिवहन को अधिक सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल में पहली बार मुक्तसर माल गोदाम में ट्रकों से रेलवे वैगन में पर्यावरण अनुकूल कागज की मशीनीकृत लोडिंग शुरू की गई है। मैसर्स सत्तिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से फोर्कलिफ्ट मशीन की सहायता से कागज की लोडिंग सफलतापूर्वक की गई।

इस नई पहल से माल लदान की प्रक्रिया अधिक आसान, सुविधाजनक और प्रभावी बनेगी। मशीनों के इस्तेमाल से लोडिंग में लगने वाले समय और श्रम की बचत होगी। साथ ही माल परिवहन की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने और रेलवे की माल ढुलाई क्षमता को बेहतर करने में भी मदद मिलेगी।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने इस उपलब्धि पर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मंडल में पारंपरिक वस्तुओं के अलावा नई-नई वस्तुओं के परिवहन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

फिरोजपुर मंडल की यह पहल रेलवे के माल परिवहन क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ उद्योगों को रेल के माध्यम से माल भेजने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम है।