प्रयागराज और सूबेदारगंज से बेंगलुरु के लिए चलेंगी दो साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

प्रयागराज। बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे द्वारा प्रयागराज और सूबेदारगंज से श्री एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (बेंगलुरु) के बीच दो साप्ताहिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के यात्रियों को लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04151/04152 प्रयागराज-बेंगलुरु-प्रयागराज विशेष ट्रेन कुल 2 फेरे लगाएगी। गाड़ी संख्या 04151 प्रयागराज से प्रत्येक बुधवार को 16 और 23 दिसंबर 2026 को शाम 18:00 बजे रवाना होगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 04152 बेंगलुरु-प्रयागराज विशेष ट्रेन 19 और 26 दिसंबर को प्रत्येक शनिवार सुबह 7:00 बजे प्रस्थान करेगी और सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, राजनगर, दरियागंज, एमसीएस छितापुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, बेल्लमपल्ली, मंचेरियल, काजीपेट, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, तंदूर, यादगीर, कृष्णा, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर और येलहंका स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे।

सूबेदारगंज से भी मिलेगी बेंगलुरु के लिए सीधी ट्रेन

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04171/04172 सूबेदारगंज-बेंगलुरु-सूबेदारगंज विशेष ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04171 सूबेदारगंज से प्रत्येक शुक्रवार को 11, 18 और 25 दिसंबर 2026 को रात 21:20 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04172 बेंगलुरु-सूबेदारगंज विशेष ट्रेन 14, 21 और 28 दिसंबर को प्रत्येक सोमवार सुबह 7:00 बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 4:30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, बेल्लमपल्ली, मंचेरियल, काजीपेट, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, तंदूर, यादगीर, कृष्णा, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर और येलहंका सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।

यात्रियों को आरक्षण कराने की सलाह

रेलवे के इस निर्णय से बेंगलुरु में रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा एनटीईएस ऐप के माध्यम से ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।