प्रधान पर सोशल मीडिया का दबाव? मानसिक उत्पीड़न और मानहानि के आरोपों से मचा हड़कंप

प्रधान पर सोशल मीडिया का दबाव? मानसिक उत्पीड़न और मानहानि के आरोपों से मचा हड़कंप

ग्राम प्रधान सविता मिश्रा ने मुख्यमंत्री से लगाई सुरक्षा की गुहार, आपत्तिजनक ग्रुप मैसेज और स्क्रीनशॉट की जांच कराने की मांग

#लखीमपुर खीरी

.

पसगवां थाना क्षेत्र के ग्राम मुल्लापुर की प्रधान सविता मिश्रा ने मानसिक उत्पीड़न, सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और जान-माल का भय होने का आरोप लगाते हुए शासन से हस्तक्षेप की मांग की है। प्रधान ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना-पत्र में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रधान का आरोप है कि ग्राम पंचायत के कार्यों में सहयोग के लिए उन्होंने विवेक अग्निहोत्री पर विश्वास किया था, लेकिन बाद में उनके विश्वास का दुरुपयोग किया गया। इसके बाद विवेक के चचेरे भाई राहुल अग्निहोत्री द्वारा भी आश्वासन देकर उनके साथ कार्य शुरू किया गया, लेकिन प्रधान के अनुसार पूर्व जैसी गतिविधियां दोबारा सामने आईं।

प्रधान ने आरोप लगाया कि वर्तमान में विवेक अग्निहोत्री, राहुल अग्निहोत्री, राजन शुक्ला पुत्र हरिदवारीलाल शुक्ला और रोहित कुमार पुत्र संतोष अग्निहोत्री द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक एवं भ्रामक ग्रुप संदेश प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली है। उनका कहना है कि इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

?मोबाइल खंगालिए, सामने आ जाएगा सच?

प्रधान ने शासन से मांग की है कि संबंधित लोगों के मोबाइल फोन में मौजूद ग्रुप मैसेज, स्क्रीनशॉट और कॉल डिटेल की जांच कराई जाए, जिससे पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई तथा तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

प्रधान के मुताबिक वह इस संबंध में पहले ही पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी को प्रार्थना-पत्र दे चुकी हैं, लेकिन उनके अनुसार अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए उन लोगों की भूमिका की जांच की जानी चाहिए, जिनके खिलाफ उन्होंने शिकायत की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना-पत्र की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, उत्तर प्रदेश के गृह विभाग, डीजीपी, आईजी लखनऊ रेंज, एसपी लखीमपुर खीरी, सीओ मोहम्मदी और पसगवां थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।

हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।