पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने उत्साह के साथ मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाई एकता दौड़

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफ रेलवे) की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मालीगांव स्थित एनएफ रेलवे मुख्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारियों और रेलकर्मियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। वहीं, एनएफ रेलवे निर्माण के महाप्रबंधक आशीष बंसल की उपस्थिति में उनके कार्यालय में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इसके साथ ही एनएफ रेलवे के सभी 5 मंडलों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौड़ के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान और उनके आदर्शों को याद किया गया। देश की रियासतों को एकजुट कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी याद किया गया। रेलवे अधिकारियों ने इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।