पूजा और छठ पर रेलवे ने चलाईं 12 विशेष ट्रेनें, दिल्ली-पटना सहित कई रूटों पर मिलेगी राहत

प्रयागराज। पूजा और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अलग-अलग रूटों पर 12 विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के संचालन से दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और दक्षिण भारत के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेष ट्रेनों में वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल, वातानुकूलित पूजा स्पेशल और अनारक्षित विशेष ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली के बीच दो जोड़ी वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। गाड़ी संख्या 02258 नई दिल्ली से 11 नवंबर को सुबह 5 बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02257 पटना से 12 नवंबर को सुबह 8 बजे चलकर रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। दूसरी जोड़ी में गाड़ी संख्या 02436 नई दिल्ली से 13 नवंबर को सुबह 8:35 बजे रवाना होकर रात 9:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 02435 पटना से 14 नवंबर को सुबह 8 बजे चलकर रात 9:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसके अलावा राजेंद्र नगर-नई दिल्ली के बीच त्रि-साप्ताहिक वातानुकूलित पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 02309 राजेंद्र नगर से 11 से 20 नवंबर तक निर्धारित दिनों में 5 फेरे लगाएगी, जबकि वापसी में 02310 नई दिल्ली से 12 से 21 नवंबर तक 5 फेरे लगाएगी।

महाराष्ट्र से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर और रक्सौल के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। गाड़ी संख्या 01035 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 11 नवंबर की रात 11:55 बजे रवाना होकर 13 नवंबर को सुबह 10:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 01039 इसी दिन सुबह 9 बजे रवाना होकर 13 नवंबर को रात 1 बजे रक्सौल पहुंचेगी।

पुणे-दानापुर-पुणे के बीच भी अनारक्षित विशेष ट्रेन का संचालन होगा। गाड़ी संख्या 01471 पुणे से 11 नवंबर की रात 8:20 बजे रवाना होकर 13 नवंबर को सुबह 5:50 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01472 दानापुर से 13 नवंबर को सुबह 10:30 बजे चलकर 14 नवंबर को शाम 7:15 बजे पुणे पहुंचेगी।

इसके अतिरिक्त बीदर-हजरत निजामुद्दीन, चर्लापल्ली-बक्सर, जयपुर-भागलपुर और अहमदाबाद-राजगीर के बीच भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। बीदर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 19 और 22 नवंबर को, जबकि चर्लापल्ली-बक्सर स्पेशल 11 और 13 नवंबर को एक-एक फेरे के लिए चलेगी। जयपुर-भागलपुर स्पेशल 11 नवंबर को जयपुर से रवाना होगी और अहमदाबाद-राजगीर अनारक्षित स्पेशल 10 और 11 नवंबर को दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी।

दक्षिण भारत से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए बेंगलुरु-दरभंगा एकतरफा विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 06595 बेंगलुरु से 11 नवंबर की रात 11:55 बजे रवाना होकर शनिवार सुबह 10 बजे दरभंगा पहुंचेगी। वहीं उधना-गया अनारक्षित विशेष ट्रेन संख्या 09019 उधना से 10 नवंबर को शाम 6 बजे रवाना होकर 11 नवंबर को शाम 6:30 बजे गया पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेनों की अद्यतन स्थिति और समय-सारणी की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली या रेलवे हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।