नवादा के जुगराज पुरवा में पिंजरे में कैद हुआ आदमखोर तेंदुआ।


कई दिनों से गांव और खेतों के आसपास दे रहा था दिखाई, ग्रामीणों में था दहशत का माहौल।

बहराइच/ नानपारा- (संवाददाता फिरोज अहमद)


रामपुर धोबियाहार।क्षेत्र के जुगराज पुरवा गांव में कई दिनों से आबादी के आसपास घूम रहे तेंदुए को वन विभाग की टीम ने आखिरकार पिंजरे में कैद कर लिया।

रविवार सुबह करीब 3 बजे तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।


ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ पिछले कई दिनों से जुगराज पुरवा और आसपास के गांवों में लगातार दिखाई दे रहा था। कभी खेतों के पास तो कभी घरों के नजदीक तेंदुए के नजर आने से लोगों में दहशत बनी हुई थी। डर के कारण ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे थे।


तेंदुए के लगातार दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम निगरानी में जुटी थी। टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए एक स्थान पर पिंजरा लगाया था।


रविवार तड़के तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद पिछले कई दिनों से ग्रामीणों में बना डर काफी कम हुआ है।