नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए सीडीओ ने शिक्षकों के साथ किया संवाद, बेहतर शिक्षा पर हुई चर्चा

मुरादाबाद। जनपद में बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के सीखने की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह की अध्यक्षता में संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें जनपद के सभी विकास खंडों से चयनित शिक्षकों ने प्रतिभाग किया और अपने विद्यालयों में अपनाई जा रही नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को साझा किया।

संवाद सत्र के दौरान शिक्षकों ने वन-पेजर के माध्यम से अपनी शिक्षण गतिविधियों, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के उपयोग और कक्षा में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षकों से विद्यालयों में अपनाई जा रही शिक्षण विधियों, नवाचारों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों के अनुभव सुने और उनके प्रयासों की सराहना की।

चर्चा में विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्र कार्य, स्व-अध्ययन और नियमित पुनरावृत्ति को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक कालांश में संरचित शिक्षण सामग्री के उपयोग, स्वतंत्र अभ्यास के लिए रीड अलॉन्ग ऐप, अभिभावकों की सहभागिता और सकारात्मक प्रोत्साहन के माध्यम से कक्षा में पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव सामने आए।

मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शिक्षकों के नवाचारी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण की प्रभावी पद्धतियों और आपसी अनुभवों के आदान-प्रदान से विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है।