नवरात्रि में वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत, संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस में बढ़ेगा अतिरिक्त कोच

जम्मू। शारदीय नवरात्रि के दौरान श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू और कटड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जम्मू मंडल रेल प्रशासन की ओर से संबलपुर-जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का कोच लगाया जाएगा। इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और प्रतीक्षा सूची में शामिल यात्रियों को भी राहत मिलेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस में 19 अक्टूबर 2026 को संबलपुर से रवाना होने पर अतिरिक्त वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का कोच लगाया जाएगा। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 18310 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस में 22 अक्टूबर 2026 को जम्मू तवी से प्रस्थान के समय यह अतिरिक्त कोच उपलब्ध रहेगा।

रेलवे के इस निर्णय से नवरात्रि के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अधिक बर्थ उपलब्ध हो सकेंगी। त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने में भी मदद मिलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से संबंधित समय-सारिणी और बर्थ की उपलब्धता की जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट भारतीय रेल डॉट जीओवी डॉट इन और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त करें।