दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर निर्माण कार्य के चलते 5 ट्रेनें प्रभावित, कई सेवाओं के समय में बदलाव

दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर निर्माण कार्य के चलते 5 ट्रेनें प्रभावित, कई सेवाओं के समय में बदलाव

निर्माण कार्य से रेल सेवाएं प्रभावित

दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड पर पातली और जटौला जोड़ी सांपका रेलवे स्टेशनों के बीच पुल संख्या 77 पर आरसीसी बॉक्स लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते दिसंबर में 5 रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा, जबकि कुछ को मार्ग में नियंत्रित किया जाएगा।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09611 अजमेर-योग नगरी ऋषिकेश विशेष ट्रेन 16 दिसंबर 2026 को अजमेर से अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 30 मिनट की देरी से रवाना होगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 54413 दिल्ली-रेवाड़ी रेल सेवा 17 दिसंबर 2026 को दिल्ली से प्रस्थान करने के बाद उत्तर रेलवे के क्षेत्र में 15 मिनट नियंत्रित रहेगी।

इसके अलावा, गाड़ी संख्या 19031 साबरमती-योग नगरी ऋषिकेश रेल सेवा 16 दिसंबर को मार्ग में 45 मिनट, गाड़ी संख्या 20474 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला रेल सेवा 20 मिनट और गाड़ी संख्या 22481 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला रेल सेवा 10 मिनट नियंत्रित रहेगी। ये तीनों ट्रेनें 16 दिसंबर 2026 को अपने प्रारंभिक स्टेशनों से प्रस्थान करेंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।