त्योहारों में यात्रियों को बड़ी राहत, रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए

आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाने और कोच संरचना में संशोधन करने का निर्णय लिया है। अक्टूबर और नवंबर 2026 में बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, उधना, भुज, भिवानी, अयोध्या कैंट, मऊ, झंझारपुर, मधुबनी और वेरावल समेत विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार बांद्रा टर्मिनस-भुज विशेष ट्रेन 09037/09038 अक्टूबर और नवंबर में निर्धारित तिथियों पर संचालित होगी। इस ट्रेन में 10 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान और 2 एसएलआरडी सहित कुल 22 कोच होंगे।

इसी तरह मुंबई सेंट्रल-भिवानी विशेष ट्रेन 09001/09002 के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इसमें 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 15 शयनयान, 2 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी सहित कुल 22 कोच रहेंगे।

बांद्रा टर्मिनस-भुज विशेष ट्रेन 09009/09010 और 09011/09012 का भी अक्टूबर और नवंबर में संचालन किया जाएगा। दोनों ट्रेनों में 10 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान और 2 एसएलआरडी सहित कुल 22 कोच होंगे। वहीं बांद्रा टर्मिनस-वेरावल विशेष ट्रेन 09017/09018 तथा बांद्रा टर्मिनस-भिवानी विशेष ट्रेन 09005/09006 में 3 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 15 शयनयान, 2 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी सहित कुल 22 कोच रहेंगे।

अयोध्या के लिए भी विशेष ट्रेनों की सुविधा

त्योहारी सीजन में उधना-अयोध्या कैंट विशेष ट्रेन 09093/09094 और 09097/09098 का भी संचालन किया जाएगा। दोनों ट्रेनों में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, शयनयान और एसएलआरडी सहित कुल 24 कोच रहेंगे।

लखनऊ स्टेशन पर चल रहे कार्य के कारण इन ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। ट्रेनें मानक नगर जंक्शन-ऐशबाग-मल्हौर मार्ग से चलेंगी और लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। इसके स्थान पर ऐशबाग स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा।

मऊ, बिहार और पूर्वांचल के लिए भी बढ़े फेरे

मुंबई सेंट्रल-मऊ विशेष ट्रेन 09183/09184 को परिवर्तित मार्ग से मऊ तक चलाया जाएगा। इस दौरान कुछ स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा, जबकि सूबेदारगंज, ज्ञानपुर रोड, बनारस और औंड़िहार में अतिरिक्त ठहराव दिए जाएंगे।

इसके अलावा उधना-झंझारपुर 09047/09048, उधना-मधुबनी 09045/09046, 09151/09152 तथा उधना-हसनपुर 09041/09042 विशेष ट्रेनों के भी अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। इनमें कई ट्रेनें अनारक्षित विशेष ट्रेन के रूप में भी चलेंगी।

रेलवे के अनुसार विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों और कोचों में बढ़ोतरी से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी और भीड़ के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे विशेष ट्रेनों की सुविधा का लाभ उठाएं। यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस का उपयोग करने की सलाह दी गई है।