त्योहारों पर श्रीनगर-कटड़ा के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, 5 और 6 नवंबर को मिलेगी सुविधा

त्योहारों पर श्रीनगर-कटड़ा के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन, 5 और 6 नवंबर को मिलेगी सुविधा

कश्मीर घाटी से माता वैष्णो देवी के दरबार तक श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान, दोनों दिशाओं में होगा संचालन

जम्मू। दीपावली और छठ पूजा के त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने श्रीनगर और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04690/04689 का संचालन 5 और 6 नवंबर 2026 को दोनों दिशाओं में किया जाएगा। इससे कश्मीर घाटी और कटड़ा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

ट्रेन संख्या 04690 श्रीनगर-कटड़ा अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 5 और 6 नवंबर को श्रीनगर से सुबह 11:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अनंतनाग में दोपहर 12:55 बजे और बनिहाल में दोपहर 1:30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04689 कटड़ा-श्रीनगर अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 5 और 6 नवंबर को कटड़ा से शाम 4 बजे रवाना होगी। यह बनिहाल में शाम 6:25 बजे और अनंतनाग में शाम 7 बजे पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7:45 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि त्योहारों के दौरान कश्मीर घाटी और कटड़ा के बीच यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। यात्रियों को आरामदायक और सुगम सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाई जा रही है। इससे अंतिम समय में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित श्रेणी की होगी। यात्रियों को सफर से पहले अनारक्षित टिकट लेना अनिवार्य होगा। ट्रेन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप और आधिकारिक वेबसाइट की मदद ली जा सकती है।