तकनीकी कार्य के चलते चार ट्रेनों के मार्ग बदले, कई स्टेशनों पर ठहराव रद्द

तकनीकी कार्य के चलते चार ट्रेनों के मार्ग बदले, कई स्टेशनों पर ठहराव रद्द

रणकपुर, लीलण, मरुधर और भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेंगी

जोधपुर। जोधपुर मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर तकनीकी कार्य के चलते चार ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। मार्ग परिवर्तन के दौरान कई स्टेशनों पर इन ट्रेनों के ठहराव भी रद्द रहेंगे। इसके अलावा एक ट्रेन को करीब एक घंटे तक रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि कुचामन सिटी-नया खारडिया के बीच पुल संख्या 43 तथा उम्मेद-खारिया खंगार के बीच पुल संख्या 35 और 39 पर गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके चलते ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

ट्रेन संख्या 14707 हनुमानगढ़-दादर एक्सप्रेस 29 सितंबर को हनुमानगढ़ से परिवर्तित मार्ग लालगढ़-फलोदी-जोधपुर होकर संचालित होगी। यह ट्रेन फलोदी स्टेशन पर ठहरेगी, जबकि बीकानेर, देशनोक, नोखा, नागौर, मारवाड़ मूंडवा, मेड़ता रोड और गोटन स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।

इसी तरह ट्रेन संख्या 12467 जैसलमेर-जयपुर लीलण एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को जैसलमेर से बीकानेर-रतनगढ़-चूरू-जयपुर होकर चलेगी। परिवर्तित मार्ग पर श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़, चूरू, सीकर, रींगस और जयपुर में ठहराव रहेगा। वहीं देशनोक, नोखा, नागौर, मारवाड़ मूंडवा, मेड़ता रोड बाईपास केबिन, रेन, डेगाना, गच्छीपुरा, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, सांभर लेक, फुलेरा, आसलपुर जोबनेर और कनकपुरा में ठहराव रद्द रहेगा।

ट्रेन संख्या 14854 जोधपुर-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस भी 3 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग जोधपुर-मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-फुलेरा होकर संचालित होगी। इस दौरान लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर और किशनगढ़ में ट्रेन का ठहराव रहेगा। वहीं राईका बाग, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी और सांभर लेक में ठहराव नहीं होगा।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस भी 3 अक्टूबर को जोधपुर-मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-फुलेरा होकर चलेगी। ट्रेन लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर और किशनगढ़ में रुकेगी। वहीं राईका बाग, जोधपुर कैंट, बनाड़, जाजीवाल, आसारानाडा, पीपाड़ रोड, उम्मेद, खारिया खंगार, गोटन, जोगी मगरा, मेड़ता रोड, रेन, जालसू, डेगाना, गच्छीपुरा, बेसरौली, बोरावड़, मकराना, कुचामन सिटी, नया खारडिया, नावां सिटी, गुढ़ा और सांभर लेक में ठहराव नहीं होगा।

एक ट्रेन करीब एक घंटे रहेगी नियंत्रित

तकनीकी कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14887 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस, जो 28 सितंबर को ऋषिकेश से रवाना होगी, बीकानेर-गोटन रेलखंड के बीच करीब एक घंटे नियंत्रित रहेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के मार्ग और ठहराव की जानकारी लेने की अपील की है।