झांसी में स्काउट-गाइड्स का पांच दिवसीय प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर शुरू

झांसी में स्काउट-गाइड्स का पांच दिवसीय प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर शुरू

आपात स्थिति में जीवन बचाने के लिए दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण, उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों से करीब 62 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

झांसी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर मध्य रेलवे के राज्य मुख्यालय के तत्वावधान में झांसी मंडल के जिला प्रशिक्षण केन्द्र में पांच दिवसीय प्राथमिक उपचार विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 9 सितंबर से शुरू हुआ यह शिविर 13 सितंबर 2026 तक चलेगा। शिविर में उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों से प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों एवं स्टाफ सहित करीब 62 सदस्य हिस्सा ले रहे हैं।

प्रशिक्षण शिविर का संचालन कुशल प्रशिक्षक एवं लीडर ऑफ द कोर्स संजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में किया जा रहा है। पहले दिन तीनों मंडलों से पहुंचे प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। राज्य प्रतिनिधि के रूप में राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) रवि कान्त शर्मा तथा राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) एवं राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) मंजू जोशी उपस्थित हैं।

शिविर की व्यवस्थाओं का संचालन जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) प्रदीप पाण्डे, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) एवं क्वार्टर मास्टर निर्मल सिंह संधु तथा झांसी जिले के वरिष्ठ लीडरों और सेवा स्टाफ द्वारा किया जा रहा है।

चिकित्सा अधिकारी ने सिखाए जीवन रक्षक प्राथमिक उपचार

10 सितंबर को मंडल चिकित्सा अधिकारी, झांसी अभिनव निरंजन विशेष अतिथि के रूप में शिविर में पहुंचे। उन्होंने प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों की जीवन रक्षा के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अत्यधिक रक्तस्राव, बेहोशी और फ्रैक्चर जैसी गंभीर स्थितियों में चिकित्सक के पहुंचने अथवा मरीज को अस्पताल ले जाने से पहले दिए जाने वाले सही प्राथमिक उपचार की जानकारी दी।

अभिनव निरंजन ने उत्तर मध्य रेलवे राज्य मुख्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड्स का प्रशिक्षण समाज की सेवा और आपात परिस्थितियों में लोगों की सहायता करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

प्रशिक्षण में संजय चतुर्वेदी के साथ सहयोगी प्रशिक्षक दिनेश कुमार, अनिल कुमार शर्मा, अंकित कुमार शर्मा और ज्योति कुमारी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं काउंसलर के रूप में शैलेन्द्र दुबे एवं सुब्रतो भट्टाचार्य प्रशिक्षण में सहयोग कर रहे हैं। शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार की व्यवहारिक जानकारी देकर उन्हें आपात परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से सहायता करने के लिए तैयार करना है।