जीआरपी ने ट्रेन में छूटा असिस्टेंट प्रोफेसर का 70 हजार का टैब और सामान बरामद कर लौटाया

कासगंज। ट्रेन में यात्रा के दौरान छूटा असिस्टेंट प्रोफेसर का ट्रॉली बैग जीआरपी ने तलाश कर बरामद कर लिया। बैग में करीब 70 हजार रुपये कीमत का सैमसंग टैब, कपड़े और अन्य व्यक्तिगत सामान रखा था। जीआरपी ने सामान सकुशल बरामद कर यात्री को सौंप दिया।

अलवर के मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में असिस्टेंट प्रोफेसर मुस्तफा सरवर ट्रेन से अलवर से हाथरस की यात्रा कर रहे थे। यात्रा पूरी होने के बाद उन्हें पता चला कि उनका ट्रॉली बैग ट्रेन संख्या 55340 में छूट गया है। बैग में सैमसंग टैब के अलावा कपड़े और अन्य जरूरी सामान रखा था। उन्होंने इसकी सूचना जीआरपी कासगंज को देकर सामान तलाशने का अनुरोध किया।

सूचना मिलते ही जीआरपी ने ट्रेन स्कोर्ट और प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मदद से ट्रॉली बैग की तलाश शुरू कराई। पुलिसकर्मियों ने कुछ ही समय में बैग को ट्रेन से बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर बैग यात्री मुस्तफा सरवर को सौंप दिया गया।

सामान वापस मिलने पर असिस्टेंट प्रोफेसर ने जीआरपी कासगंज की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। सामान बरामद करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल विष्णु चाहर और कांस्टेबल प्रहलाद सिंह शामिल रहे।