जीआरपी की मुस्तैदी ने लौटाई पिता की खुशी, ट्रेन से गुम चार साल की बच्ची सकुशल बरामद

कासगंज। ट्रेन संख्या 15038 कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान गुम हुई चार वर्षीय बालिका को जीआरपी कासगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। सूचना मिलते ही जीआरपी कर्मियों ने बच्ची की तलाश शुरू की और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से बरामद कर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।

23 सितंबर को ट्रेन संख्या 15038 कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस कासगंज रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:55 बजे रवाना होने वाली थी। ट्रेन चलने से पहले बच्चों ने मूंगफली खाने की जिद की। इस पर उनकी पिता सत्यवीर ट्रेन में ही खाने-पीने का सामान खरीदने लगे। इसी दौरान उनकी चार वर्षीय बेटी पल्लवी खेलते-खेलते ट्रेन से उतर गई। ट्रेन के प्लेटफार्म से रवाना होने के बाद पिता को बेटी के गुम होने की जानकारी हुई। पिता के पास कीपैड फोन होने के कारण बच्ची की फोटो भी उपलब्ध नहीं थी।

इसी दौरान ट्रेन में यात्रा कर रहे पत्रकार सौरभ गुप्ता ने दोपहर 1:20 बजे जीआरपी कासगंज के सीयूजी नंबर पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि चार वर्षीय बच्ची ट्रेन से उतरकर कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो/तीन पर रह गई है। बच्ची के गुम होने की जानकारी से उसके परिजन परेशान थे और अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित थे।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष जीआरपी कासगंज कोमल कुन्तल ने कासगंज रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी पुलिसकर्मियों को तत्काल बच्ची की तलाश करने के निर्देश दिए। बच्ची की फोटो उपलब्ध नहीं होने के कारण उसके हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की गई। जीआरपी कर्मियों ने स्टेशन और प्लेटफार्मों पर लगातार तलाश करते हुए करीब 15:00 बजे प्लेटफार्म नंबर एक से बच्ची पल्लवी को सकुशल बरामद कर लिया।

बच्ची के बरामद होने के बाद उसका सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके बाद पल्लवी को उसके पिता सत्यवीर पुत्र महिमाचन्द्र, निवासी लखनपुर, थाना कायमगंज, फर्रुखाबाद के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सकुशल मिलने पर पिता की चिंता दूर हुई और उन्होंने जीआरपी कासगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

पिता सत्यवीर ने बताया कि वह सूरत, गुजरात में काम करते हैं। वह अपनी दोनों बेटियों सृष्टि, उम्र करीब पांच वर्ष और पल्लवी, उम्र करीब चार वर्ष के साथ सूरत से विभिन्न ट्रेनों के माध्यम से कायमगंज जा रहे थे। 23 सितंबर को कासगंज रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:55 बजे ट्रेन संख्या 15038 कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस से कायमगंज के लिए बैठे थे। सिग्नल होने पर जैसे ही ट्रेन चलने वाली थी, बच्चों ने मूंगफली खाने की जिद की। इस पर वह ट्रेन में ही कुछ खाने-पीने का सामान खरीदने लगे। इसी दौरान उनकी छोटी बेटी पल्लवी खेलते-खेलते ट्रेन से उतर गई।

ट्रेन के प्लेटफार्म छोड़ने के बाद उन्हें अपनी बच्ची के गुम होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने यात्रा बीच में रोक दी और सहावर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतर गए। बच्ची के कासगंज रेलवे स्टेशन पर सकुशल बरामद होने की सूचना मिलने पर वह वापस थाना जीआरपी कासगंज पहुंचे। यहां आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

बच्ची को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह और महिला कांस्टेबल स्वाति, थाना जीआरपी कासगंज, अनुभाग आगरा शामिल रहे।