जिज्ञासा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में लगा निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया मरीजों का उपचार

मुरादाबाद। जिज्ञासा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मंगलवार, 1 सितंबर को भव्य एवं विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में मरीजों को निःशुल्क परामर्श और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर में अस्पताल के विभाग प्रमुख एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सीपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अनुभवी चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। स्वास्थ्य शिविर के दौरान शुगर जांच, फेफड़ों की जांच (पीएफटी) और शरीर में फैट की जांच (बीएफए) निःशुल्क की गई।

इसके अलावा अस्पताल की रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जांचों पर विशेष छूट भी उपलब्ध कराई गई। इससे मरीजों को कम लागत में उन्नत चिकित्सा जांच सुविधाओं का लाभ मिला।

शिविर के आयोजन और संचालन में कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार सिंह, आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. शारिक अरशद, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सना इबाद, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आबिदा, मुख-जबड़ा एवं चेहरा विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक्षा द्विवेदी तथा ऑडियोलॉजी एवं स्पीच थेरेपी विशेषज्ञ डॉ. मिलिंद सैन का विशेष योगदान रहा।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। अस्पताल की ओर से भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मिली सुविधाओं को लेकर मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की पहल की सराहना की।