जम्मू मंडल में डिजिटल टिकटिंग को मिल रहा जबरदस्त बढ़ावा, रोजाना 40 प्रतिशत आरक्षित टिकटों का भुगतान डिजिटल माध्यम से

जम्मू मंडल में डिजिटल टिकटिंग को मिल रहा जबरदस्त बढ़ावा, रोजाना 40 प्रतिशत आरक्षित टिकटों का भुगतान डिजिटल माध्यम से

यूपीआई और ऑनलाइन भुगतान में लगातार इजाफा, जम्मू तवी से कटरा और श्रीनगर तक यात्रियों को मिल रही कैशलेस टिकटिंग की आधुनिक सुविधा

जम्मू। रेलवे यात्रियों को आधुनिक, सरल और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल तेजी से डिजिटल बदलाव की ओर आगे बढ़ रहा है। टिकटिंग व्यवस्था को कैशलेस, पारदर्शी और समय बचाने वाला बनाने के लिए मंडल द्वारा किए जा रहे विशेष प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। जम्मू मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यूपीआई और ऑनलाइन भुगतान के प्रति यात्रियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

डिजिटल इंडिया की भावना को आगे बढ़ाते हुए जम्मू मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल भुगतान के लिए अलग बुकिंग काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से यात्रियों को टिकट खरीदने में अधिक सुविधा मिल रही है। नकदी के लेन-देन की परेशानी कम होने के साथ टिकट काउंटरों पर समय की बचत और भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिल रही है।

जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, पठानकोट कैंट, शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) और श्रीनगर जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल भुगतान का दायरा लगातार बढ़ रहा है। यात्रियों को मोबाइल से ही टिकट बुक करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रेलवन ऐप के प्रति विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

जम्मू मंडल के लिए यह उत्साहजनक उपलब्धि है कि यात्री आरक्षित टिकट प्रणाली के अंतर्गत प्रतिदिन औसतन लगभग 40 प्रतिशत टिकटों का भुगतान अब डिजिटल माध्यमों से किया जा रहा है। यूपीआई और अन्य ऑनलाइन भुगतान विकल्पों की बढ़ती स्वीकार्यता रेलवे की आधुनिक यात्री सुविधाओं के प्रति लोगों के विश्वास को भी दर्शाती है।

इस उपलब्धि पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जम्मू मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समर्पित डिजिटल भुगतान काउंटरों और रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार से यात्रियों में कैशलेस टिकटिंग के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ी है।

उन्होंने रेल यात्रियों से अपील की कि वे टिकट बुकिंग के लिए डिजिटल भुगतान विकल्पों को अधिक से अधिक अपनाएं, ताकि लंबी कतारों से बचने के साथ सुरक्षित, त्वरित और सुविधाजनक टिकटिंग का लाभ मिल सके।

जम्मू मंडल की यह पहल रेलवे सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, यात्रियों का समय बचाने और स्टेशन परिसरों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में डिजिटल टिकटिंग को और प्रोत्साहित कर यात्रियों को अधिक सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराने का प्यास जारी रहेगा।