जम्मू-कश्मीर में माल ढुलाई और भंडारण सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा, व्यापारियों और किसानों को होगा लाभ

जम्मू मंडल की बड़ी पहल: बड़ी ब्राह्मणा स्टेशन पर बनेगा आधुनिक वेयरहाउस

जम्मू-कश्मीर में माल ढुलाई और भंडारण सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा, व्यापारियों और किसानों को होगा लाभ

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेल आधारित माल ढुलाई और भंडारण सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। बड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन पर आधुनिक वेयरहाउस और भंडारण इकाई विकसित करने के लिए पहली बार कार्गो संबंधित सुविधा नीति के तहत निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इस परियोजना से जम्मू-कश्मीर में माल के सुरक्षित भंडारण, तेज लोडिंग-अनलोडिंग और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

रेल मंत्रालय की ओर से 4 अक्टूबर को जारी रेल लॉजिस्टिक्स एवं कार्गो संबंधित सुविधाओं की नीति के दिशा-निर्देशों के तहत इस परियोजना की शुरुआत की गई है। इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी से रेलवे के माल ढुलाई संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। इससे स्थानीय व्यापारियों, उद्योगपतियों और किसानों को अपने माल के भंडारण तथा परिवहन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि बड़ी ब्राह्मणा रेलवे स्टेशन पर वेयरहाउस और भंडारण इकाई का विकास जम्मू मंडल के साथ-साथ पूरे उत्तर रेलवे के लिए महत्वपूर्ण शुरुआत है। यह उत्तर रेलवे में कार्गो संबंधित सुविधा नीति के तहत शुरू की गई पहली परियोजना है। इसका उद्देश्य माल की ढुलाई में लगने वाले समय और लागत को कम करना तथा आधुनिक लॉजिस्टिक्स सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है। रेलवे ने उद्योग जगत, निवेशकों और लॉजिस्टिक्स कंपनियों से इस परियोजना की ई-निविदा प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया है।

परियोजना से संबंधित नियम, शर्तों और निविदा दस्तावेजों की जानकारी रेलवे की आधिकारिक ई-निविदा वेबसाइट www.ireps.gov.in पर उपलब्ध है।