जन्माष्टमी पर यात्रियों को बड़ी राहत, प्रयागराज-दिल्ली के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

प्रयागराज। कृष्ण जन्माष्टमी और लंबे सप्ताहांत के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और सूबेदारगंज (प्रयागराज) के बीच आरक्षित सुपरफास्ट स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 02416/02415 दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इससे दिल्ली और प्रयागराज के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

नई दिल्ली से सूबेदारगंज जाने वाली ट्रेन संख्या 02416 तीन, चार और पांच सितंबर को रात 11 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला जंक्शन, इटावा जंक्शन, गोविंदपुरी और फतेहपुर स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 9:45 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

वहीं सूबेदारगंज से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 02415 चार, पांच और छह सितंबर को दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, अलीगढ़ जंक्शन और गाजियाबाद में ठहराव लेते हुए रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

18 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, सात स्लीपर, पांच सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। जन्माष्टमी और लंबे सप्ताहांत के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की यह पहल यात्रियों के लिए काफी राहत देने वाली होगी।