छह राज्यों का सफर होगा आसान, सूबेदारगंज से यशवंतपुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

छह राज्यों का सफर होगा आसान, सूबेदारगंज से यशवंतपुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

उत्तर प्रदेश समेत छह राज्यों के यात्रियों को बिना ट्रेन बदले मिलेगा सीधा सफर, त्योहारों और छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी राहत

प्रयागराज। आगामी त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने सूबेदारगंज?यशवंतपुर?सूबेदारगंज विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04135/04136 के संचालन से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच यात्रियों को बिना ट्रेन बदले सीधे सफर की सुविधा मिलेगी।

विशेष ट्रेन का संचालन 11 सितंबर से 7 दिसंबर 2026 के बीच दोनों दिशाओं में 13-13 फेरे करेगा। ट्रेन के शुरू होने से पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान घर जाने वाले यात्रियों, छात्रों, आईटी क्षेत्र से जुड़े लोगों और परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

शुक्रवार को सूबेदारगंज से रवाना होगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 04135 सूबेदारगंज?यशवंतपुर विशेष ट्रेन 11 सितंबर से 4 दिसंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को सूबेदारगंज से रात 9:20 बजे रवाना होगी और रविवार को रात 9:30 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04136 यशवंतपुर?सूबेदारगंज विशेष ट्रेन 14 सितंबर से 7 दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार को यशवंतपुर से सुबह 7 बजे रवाना होगी और बुधवार को सुबह 4:30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

सूबेदारगंज से चलकर ट्रेन शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, बेल्लमपल्ली, मंचिरयाल, काजीपेट, सिकंदराबाद, लिंगमपल्ली, विकाराबाद, तांडूर, यादगीर, कृष्णा, रायचूर, गुंतकल, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदुपुर और येलहंका होते हुए यशवंतपुर पहुंचेगी।

इस सीधी ट्रेन सेवा से यात्री प्रयागराज के त्रिवेणी संगम, चित्रकूट क्षेत्र, मैहर, बांधवगढ़, भेड़ाघाट-धुआंधार, नागपुर, पेंच, ताडोबा टाइगर रिजर्व, चारमीनार, अनंतागिरी पहाड़ियां, लेपाक्षी मंदिर और बेंगलुरु के नंदी हिल्स व इस्कॉन मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

19 कोच की होगी ट्रेन

विशेष ट्रेन में कुल 19 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 9 स्लीपर, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 6 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर/डी कोच शामिल होंगे।

रेलवे की इस विशेष सेवा से छह राज्यों के बीच लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।