छठ पूजा और त्योहारों को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा सख्त, जीआरपी-आरपीएफ ने की संयुक्त चेकिंग

कासगंज। छठ पूजा और आने वाले त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन कासगंज पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे, अनुभाग आगरा के निर्देशानुसार जीआरपी, आरपीएफ, डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर टीम की संयुक्त टीम ने थानाध्यक्ष जीआरपी कासगंज कोमल कुंतल के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की।

चेकिंग के दौरान महिला यात्रियों और उनके सहयोगियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया। उन्हें यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की कोई वस्तु न लेने की सलाह दी गई। साथ ही अपने सामान और कीमती वस्तुओं पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

थानाध्यक्ष कोमल कुंतल ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और यात्रियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। चेकिंग अभियान में थानाध्यक्ष जीआरपी कोमल कुंतल अपनी टीम के साथ और आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।