चेर पेट्रोल पंप पर ट्रक से चोरी की कोशिश, हैंडब्रेक में पैर फंसने से घंटों दरवाजे पर लटकी रही महिला

बैकुंठपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चेर स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर खड़े एक ट्रक में चोरी की कथित वारदात के दौरान एक महिला के ट्रक के दरवाजे पर घंटों लटके रहने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं जानकारी के अनुसार घटना तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रायपुर से बैकुंठपुर आया ट्रक पेट्रोल पंप पर खड़ा था और चालक ट्रक के अंदर सो रहा था। इसी दौरान चेर की एक महिला द्वारा ट्रक का दरवाजा खोलकर कथित रूप से मोबाइल और नगद राशि निकालने का प्रयास किया जा रहा था इसी दौरान महिला का पैर ट्रक के हैंडब्रेक में फंस गया, जिसके कारण वह ट्रक के दरवाजे से लटकी रह गई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों की नजर पड़ने पर उन्होंने तत्काल अपने मैनेजर राहुल को इसकी जानकारी दी। मैनेजर द्वारा 112 पुलिस हेल्पलाइन को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित ट्रक से नीचे उतारा गया। बताया जा रहा है कि उस समय महिला के शरीर पर बेहद कम कपड़े थे, जिसके बाद उसे कपड़े से ढका गया वहीं ट्रक चालक नशे की हालत में सो रहा था, जिसे काफी मशक्कत के बाद उठाया गया। चालक के जागने के बाद उसने सामने की जेब में रखा मोबाइल और करीब 2,500 रुपये नगद नहीं होने की बात कही। घटना के बाद एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल वापस किए जाने की बात सामने आई, जबकि नगद राशि वापस नहीं मिलने का आरोप है ट्रक चालक द्वारा कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत करने का प्रयास किए जाने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, चालक के नशे की स्थिति और घटना की पूरी जानकारी तत्काल स्पष्ट रूप से नहीं बता पाने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं होने की बात सामने आई है। इन दावों की पुलिस स्तर से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान महिला द्वारा चालक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, ट्रक चालक ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने महिला के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की और वह नशे की हालत में सो रहा था। चालक के मुताबिक उसने ट्रक का दरवाजा भी बंद नहीं किया था फिलहाल घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में चोरी का प्रयास हुआ था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी। साथ ही नगद राशि और मोबाइल से जुड़े आरोपों की भी जांच का विषय है।