चार माह से पेंशन का भुगतान नहीं, आर्थिक संकट से जूझ रहे जरूरतमंद परिवार पार्षद भंवर राव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उठाई बकाया पेंशन राशि जारी करने की मांग, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

चार माह से पेंशन का भुगतान नहीं, आर्थिक संकट से जूझ रहे जरूरतमंद परिवार

पार्षद भंवर राव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उठाई बकाया पेंशन राशि जारी करने की मांग, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

पाली सिटी सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पात्र विधवा, वृद्धजन एवं दिव्यांग पेंशनधारियों को पिछले चार माह से पेंशन राशि का भुगतान नहीं होने से जरूरतमंद परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है। लंबे समय से पेंशन का इंतजार कर रहे इन परिवारों को राहत दिलाने के लिए अब पेंशन भुगतान की मांग जोर पकड़ने लगी है।

इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पार्षद भंवर राव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पात्र पेंशनधारियों की बकाया पेंशन राशि का शीघ्र भुगतान करवाने की मांग की है। सोमवार को उन्होंने सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले पेंशनधारियों के साथ जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर राज्य सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।

पार्षद भंवर राव ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनांतर्गत बीपीएल श्रेणी में आने वाले पात्र विधवा, वृद्धजन एवं दिव्यांग पेंशनधारियों को पिछले चार माह से देय पेंशन राशि नहीं मिल रही है। पेंशन ही इन जरूरतमंद परिवारों की आजीविका का प्रमुख सहारा है। ऐसे में लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी पेंशनधारियों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ा। सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करना है, लेकिन समय पर पेंशन नहीं मिलने से इन परिवारों को कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ रहा है।

भंवर राव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पात्र पेंशनधारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पिछले चार माह की बकाया पेंशन राशि का तत्काल भुगतान करवाया जाए तथा भविष्य में भी पेंशन का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।

इस दौरान मांगीलाल, अमरसिंह, पूनमबाई, सोहनीदेवी, मैनाबाई, रम्बाबाई, हेमीबाई, शांतिदेवी, सायरीदेवी सहित अन्य पेंशनधारी उपस्थित रहे।