गडरा रोड में 17 शहीद रेल कर्मचारियों को श्रद्धांजलि, डीआरएम ने किया नमन

गडरा रोड में 17 शहीद रेल कर्मचारियों को श्रद्धांजलि, डीआरएम ने किया नमन

1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए रेलकर्मियों के बलिदान को किया याद, गडरा रोड-बाड़मेर रेलखंड का निरीक्षण भी

जोधपुर। वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में राष्ट्र की सेवा करते हुए शहीद हुए 17 रेल कर्मचारियों की स्मृति में बुधवार को गडरा रोड रेलवे स्टेशन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी विशेष निरीक्षण ट्रेन से गडरा रोड पहुंचे और शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीद रेल कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि 1965 के युद्ध के दौरान रेल कर्मचारियों ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका बलिदान पूरे रेल परिवार के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल परिवार अमर शहीद रेल कर्मचारियों के बलिदान को हमेशा श्रद्धापूर्वक याद करता रहेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के पदाधिकारी, बीएसएफ के जवान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभा में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने भी शहीद रेल कर्मचारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों का ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक को सौंपा। डीआरएम ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्थानीय स्कूली बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए डीआरएम ने उन्हें पुरस्कृत किया। बच्चों के लिए 10 हजार रुपये के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की गई। वहीं स्थानीय कार्यक्रमों के आयोजन एवं स्कूली शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों में सहयोग के लिए यूनियन संगठन को 25 हजार रुपये के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की गई।

गडरा रोड-बाड़मेर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने गडरा रोड-बाड़मेर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। उन्होंने रेलखंड में संरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों, रेलपथ की स्थिति तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को रेल संचालन की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/दूरसंचार अनुपम कुमार, मंडल इंजीनियर संजय पुनिया, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, यूनियन पदाधिकारी, बीएसएफ जवान और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।