खेरागढ़ में तड़के बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी, 38 पर मुकदमा

सुमित गर्ग खेरागढ़ संवाददाता,

 

खेरागढ़। जिलाधिकारी आगरा के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर संतोष कुमार शुक्ला (ताज सुरक्षा) के नेतृत्व में शनिवार सुबह 5 बजे खेरागढ़ थाना क्षेत्र के हाईलॉस फीडरों एवं हाईलॉस गांवों में बिजली चोरी के खिलाफ मॉर्निंग रेड की गई। स्थानीय पुलिस बल की सहायता से विद्युत विभाग की टीम ने विभिन्न परिसरों में पहुंचकर कनेक्शनों की जांच की।

 

अभियान के दौरान कस्बा खेरागढ़ की सुंदर कॉलोनी, नई तहसील के सामने, नगला उदैया तथा ग्राम भिलावली में विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। विभाग के अनुसार जांच में बिजली चोरी पाए जाने पर 38 लोगों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत विद्युत चोरी निरोधक थाना कमलानगर, आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपितों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

 

चेकिंग टीम में एसडीओ खेरागढ़ अरविंद कुमार, जेई विकास विश्वकर्मा, जेई विजय कुमार, टीजी-2 नरेंद्र सिंह, टीजी-2 प्रवीन सारस्वत सहित संविदाकर्मी एवं स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।

 

एसडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि हाईलॉस फीडरों एवं हाईलॉस गांवों में बिजली चोरी की नियमित जांच की जाएगी। सुबह और शाम चेकिंग अभियान जारी रहेगा। विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं से समय से विद्युत बिल जमा करने तथा बिजली चोरी से बचने की अपील की है।