कासगंज–मथुरा सवारी गाड़ी का अछनेरा तक अस्थायी विस्तार, यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त सुविधा का लाभ

गोरखपुर। यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने 55339/55340 कासगंज मथुरा जंक्शन कासगंज सवारी गाड़ी का अस्थायी रूप से अछनेरा तक मार्ग विस्तार करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा यात्रियों के लिए आगामी महीनों में उपलब्ध रहेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार, 55339 कासगंज अछनेरा सवारी गाड़ी 1 सितंबर से 31 दिसंबर 2026 तक कासगंज से निर्धारित समय पर रवाना होकर अपने पूर्व निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव करते हुए मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन मथुरा जंक्शन से रात 11:50 बजे, भैंसा से रात 12:15 बजे और परखम से रात 12:27 बजे प्रस्थान कर रात 1:00 बजे अछनेरा पहुंचेगी।

वापसी में 55340 अछनेरा कासगंज सवारी गाड़ी 2 सितंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक संचालित होगी। यह ट्रेन अछनेरा से सुबह 4:20 बजे रवाना होगी और परखम से 4:35 बजे, भैंसा से 4:47 बजे तथा मथुरा जंक्शन से सुबह 5:30 बजे प्रस्थान करते हुए अपने निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव के बाद सुबह 8:40 बजे कासगंज पहुंचेगी।

इस अस्थायी मार्ग विस्तार से कासगंज, मथुरा और अछनेरा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होने के साथ-साथ यात्रा को और अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।