कामाख्या रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, एनएफआर के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने किया उद्घाटन

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने कामाख्या रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने स्टेशन पर उन्नत सुविधाओं का उद्घाटन किया। इन सुधारों से यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर, बेहतर पहुंच और आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

स्टेशन पर किए गए उन्नयन कार्यों में स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, आरक्षित प्रतीक्षालय, कॉनकोर्स, सर्कुलेटिंग एरिया, सड़कें और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है। इसके साथ ही यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने और व्यस्त समय में भीड़ कम करने के लिए अलग यातायात लेन, ढके हुए पिकअप और ड्रॉप-ऑफ पोर्टिको तथा दो लेन वाली निकास सड़क तैयार की गई है।

आरक्षित प्रतीक्षालय की क्षमता हुई दोगुनी

यात्रियों के आराम को ध्यान में रखते हुए आरक्षित प्रतीक्षालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इसमें बेहतर आंतरिक सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, वेंटिलेशन, वातानुकूलन, फर्नीचर, शौचालय और पेंट्री की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही प्रतीक्षालय की बैठने की क्षमता भी दोगुनी कर दी गई है।

यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली, बेहतर उद्घोषणा व्यवस्था और वाई-फाई कनेक्टिविटी की सुविधा भी दी गई है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर जरूरी जानकारी प्राप्त करने में सहूलियत होगी।

प्लेटफॉर्म नंबर 4 को बनाया गया बेहतर

स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 का भी उन्नयन किया गया है। यहां फर्श और किनारों को बेहतर बनाया गया है तथा नई रंगीन छत की चादरें लगाई गई हैं। बारिश के पानी की निकासी के लिए चौड़े नाले बनाए गए हैं। फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म शेल्टर के बीच खुले हिस्सों को भी ढक दिया गया है, जिससे खराब मौसम में यात्रियों को अधिक सुरक्षा मिल सकेगी।

प्लेटफॉर्म पर बैठने की क्षमता 150 से बढ़ाकर 360 कर दी गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए पेयजल के 2 विशेष बूथ और अन्य यात्रियों के लिए 5 अतिरिक्त बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा केबल बिछाने के लिए अलग डक्ट तैयार किए गए हैं और पुरानी क्षतिग्रस्त जलापूर्ति पाइपलाइन को बदलकर नई पाइपलाइन लगाई गई है।

कोचिंग डिपो तक आवागमन होगा आसान

कामाख्या रेलवे स्टेशन को कोचिंग डिपो से जोड़ने वाली सड़क पर भी सुधार कार्य किए गए हैं। यहां रिटेनिंग वॉल बनाने के साथ सड़क को चौड़ा कर दो लेन का किया गया है। इससे सामग्री, मशीनरी और कलपुर्जे लेकर आने-जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही आसान होगी। सड़क के बेहतर होने से सुरक्षा बढ़ने के साथ भीड़भाड़ कम करने और डिपो के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, ये सुधार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्टेशन तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने और रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्नत सुविधाओं से कामाख्या रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक अनुभव मिलने की उम्मीद है।