कानपुर गुड्स शेड और पनकीधाम से माल लदान में बड़ी उपलब्धियां, रेलवे को लाखों रुपये का राजस्व

प्रयागराज। माल परिवहन को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक व्यापारियों एवं नई कमोडिटी को रेल परिवहन से जोड़ने की दिशा में प्रयागराज मंडल को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कानपुर गुड्स शेड और पनकीधाम गुड्स शेड से मक्का, डि-आयल केक और चावल का माल लदान किया गया है। इन उपलब्धियों से रेलवे को लाखों रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है।

मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) शीरत फातिमा के पर्यवेक्षण में माल लदान बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर अकांशु गोविल के निर्देशन में केंद्रीय माल गोदाम, कानपुर से पिछले चार वर्षों में पहली बार 20 बीसीएन वैगनों में मक्का लदान किया गया। इस लदान से रेलवे को 16 लाख 64 हजार 458 रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ। केंद्रीय माल गोदाम से मक्का की यह पहली रेल लोडिंग है, जिसे रेल माल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

पनकीधाम की नई लाइन से पहली बार माल लदान

पनकीधाम गुड्स शेड की नवनिर्मित लाइन संख्या 15 से भी पहली बार माल लदान शुरू किया गया। यहां से बांग्लादेश के रोहनपुर के लिए 21 बीसीएन वैगनों में डि-आयल केक लदान किया गया। इस लदान से रेलवे को लगभग 24 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।

इसके अलावा पनकीधाम गुड्स शेड से सिलचर के लिए चार वैगनों में चावल का लदान किया गया, जिससे रेलवे को 6 लाख 71 हजार 535 रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इन उपलब्धियों में प्रयागराज और कानपुर की टीमों के बेहतर समन्वय, लगातार प्रयास और व्यापारिक पक्षों से प्रभावी संपर्क की अहम भूमिका रही। इन प्रयासों से नए ग्राहकों और नई कमोडिटी को रेल परिवहन से जोड़ने में सफलता मिली है।

रेलवे द्वारा माल परिवहन को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती बनाने के साथ-साथ सड़क परिवहन की तुलना में अधिक से अधिक माल को रेल के माध्यम से परिवहन करने पर जोर दिया जा रहा है। कानपुर गुड्स शेड से मक्का की पहली लोडिंग और पनकीधाम की नई लाइन संख्या 15 से पहली बार माल लदान इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

इन पहलों से जहां रेलवे के मालभाड़ा राजस्व में वृद्धि होगी, वहीं स्थानीय उद्योगों और व्यापारियों को अपने माल की ढुलाई के लिए सुरक्षित एवं किफायती रेल परिवहन का बेहतर विकल्प भी उपलब्ध होगा। प्रयागराज मंडल ने भविष्य में भी नए ग्राहकों और नई कमोडिटी को रेल परिवहन से जोड़ते हुए माल लदान बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है।