कसारा स्टेशन पर ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक, कई ट्रेनों के समय और मार्ग में बदलाव

मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के कल्याण-इगतपुरी रेलखंड स्थित कसारा स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन से जुड़े कार्य के लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 8 से 23 अक्टूबर 2026 तक कई ट्रेनों के समय में बदलाव और कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, 8 अक्टूबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलने वाली गाड़ी संख्या 12167 बनारस एक्सप्रेस 5 घंटे 15 मिनट की देरी से सुबह 4 बजे, 12141 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 4 घंटे 30 मिनट की देरी से सुबह 4:15 बजे तथा छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से चलने वाली 11057 अमृतसर एक्सप्रेस 4 घंटे 30 मिनट की देरी से सुबह 4 बजे रवाना होगी। 9 अक्टूबर को 22177 वाराणसी एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से सुबह 4:15 बजे और 22538 गोरखपुर एक्सप्रेस 3 घंटे 55 मिनट की देरी से सुबह 4:30 बजे रवाना होगी।

इसके अलावा 14 से 18 अक्टूबर के बीच कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। इनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-राजेंद्र नगर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-निजामुद्दीन राजधानी, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सीतापुर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-हावड़ा दुरंतो और हावड़ा मेल सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों के संचालन में एक से लेकर सात घंटे तक की देरी रहेगी।

वहीं कई ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर, दादर-बलिया, गोमती नगर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, पनवेल-गोरखपुर, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, हरिद्वार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, एर्नाकुलम-हजरत निजामुद्दीन, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-राजगीर, राजधानी एक्सप्रेस, फिरोजपुर कैंट एक्सप्रेस, अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनस और भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस समेत कई ट्रेनें शामिल हैं।

परिवर्तित मार्ग के रूप में कई ट्रेनों को कल्याण-कर्जत-पुणे-मनमाड तथा कुछ ट्रेनों को ठाणे-वसई रोड-नंदुरबार-जलगांव और जलगांव-नंदुरबार-वसई रोड-ठाणे के रास्ते चलाया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस ऐप का उपयोग किया जा सकता है।