कसारा में 12 दिन का रेल ब्लॉक, कई ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा असर

मुंबई। मध्य रेल द्वारा कसारा यार्ड में तीसरी लाइन परियोजना और ऊपरी यार्ड लाइन विस्तार के कार्य के लिए 7 से 18 अक्टूबर 2026 तक 12 दिन विशेष यातायात एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इसी क्रम में 10 से 13 अक्टूबर के बीच ब्लॉक के चलते उपनगरीय, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार 10 अक्टूबर को दोपहर 3:35 से रात 9:35 बजे, 11 अक्टूबर को सुबह 11:30 से शाम 6:30 बजे तथा 12 और 13 अक्टूबर को दोपहर 3:35 से रात 8:35 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान आसनगांव और कसारा के बीच उपनगरीय ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।

ब्लॉक के चलते सीएसएमटी-कसारा की कुछ लोकल ट्रेनों को आसनगांव तक चलाया जाएगा, जबकि कसारा-सीएसएमटी की कई लोकल ट्रेनें आसनगांव से शुरू होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ब्लॉक से पहले और बाद की अंतिम एवं पहली लोकल ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।

लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी असर

ब्लॉक के कारण 10, 12 और 13 अक्टूबर को गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस, हरिद्वार-एलटीटी एसी एक्सप्रेस, गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस, अमृतसर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी कर्मभूमि एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट-एलटीटी तुलसी एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस, गोमती नगर-सीएसएमटी पुष्पक एक्सप्रेस और बलिया-एलटीटी कामायनी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को इगतपुरी या इगतपुरी से पहले नियंत्रित किया जाएगा। इन ट्रेनों के गंतव्य पर 35 से 40 मिनट की देरी से पहुंचने की संभावना है।

11 अक्टूबर को भी कई ट्रेनों को इगतपुरी या उससे पहले नियंत्रित किया जाएगा, जिनमें गोरखपुर-एलटीटी, छपरा-एलटीटी, प्रयागराज-एलटीटी दुरंतो, आगरा कैंट-एलटीटी लश्कर और गोरखपुर-एलटीटी समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं।

इसके अलावा 10, 12 और 13 अक्टूबर को कई डाउन ट्रेनों के संचालन में 20 से 25 मिनट की देरी होगी। इनमें एलटीटी-राजगीर, पनवेल-गोरखपुर, एलटीटी-सीतापुर, एलटीटी-प्रयागराज वंदे भारत, एलटीटी-रक्सौल कर्मभूमि, सीएसएमटी-फिरोजपुर पंजाब मेल और एलटीटी-प्रयागराज दुरंतो समेत कई ट्रेनें शामिल हैं। 11 अक्टूबर को भी कई डाउन ट्रेनों के 20 से 25 मिनट विलंबित होने की संभावना है।

मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य आसनगांव-कसारा तीसरी लाइन परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे भविष्य में मेल-एक्सप्रेस और उपनगरीय यातायात को अलग करने, रेल संचालन क्षमता बढ़ाने और ट्रेनों के सुचारू संचालन में मदद मिलेगी। यात्रियों से ब्लॉक के दौरान होने वाली असुविधा में रेलवे प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।