कटड़ा में मां वैष्णो देवी के दर्शनों को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 13 हजार ने कराया पंजीकरण

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा और मां वैष्णो देवी भवन क्षेत्र में बुधवार को मौसम साफ रहने के साथ धूप खिली रही। देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। शाम पांच बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे।

कटड़ा रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अन्य प्रवेश मार्गों पर दिनभर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी आवाजाही देखने को मिली। पंजीकरण के बाद श्रद्धालुओं ने आरएफआईडी कार्ड प्राप्त किए और 'जय माता दी' के जयकारों के साथ माता के दरबार की ओर प्रस्थान किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से पैदल यात्रा करते नजर आए।

हालांकि त्रिकुटा पर्वत की ऊंची पहाड़ियों पर दोपहर से पहले ही धुंध छाने लगी, जिसके चलते हेलिकॉप्टर सेवा दोपहर बाद प्रभावित रही। हेलिकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को मौसम साफ होने का इंतजार करना पड़ा। मौसम अनुकूल होते ही सेवा बहाल होने की उम्मीद बनी रही।

वहीं मुख्य बैटरी कार मार्ग के कुछ हिस्सों में धंसाव के कारण बुधवार को लगातार दूसरे दिन बैटरी कार सेवा प्रभावित रही। इसके चलते श्रद्धालुओं ने पारंपरिक मार्ग का सहारा लेकर भवन की ओर यात्रा जारी रखी। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर पानी, छाया के लिए शेड, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम जारी रहा। मौसम में बदलाव के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और 'जय माता दी' के जयकारों से यात्रा मार्ग गूंजता रहा।